जांच के बहाने महिला रोगी से छेड़छाड़
जनमंच टुडे/ टनकपुर।
टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय के स्वास्थ्यकर्मी पर बनबसा निवासी एक महिला ने जांच के दौरान छेड़छाड़ करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ को शिकायती पत्र भेज आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बनबसा की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि बुधवार को पेट में दर्द होने होने पर पति और मां के साथ संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर गई थी। डॉक्टर को दिखाने के बाद डॉक्टर ने कुछ टेस्ट के लिए लिखे। वह टेस्ट के लिए स्वास्थ्यकर्मी के पास गई। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी ने उसके पति और मां को कमरे से बाहर जाने को कहा और कमरे का कुंडी लगाकर टेस्ट के नाम पर उसके साथ छेड़खानी व अश्लील हरकत करने लगा। स्वास्थ्य कर्मी की हरकत देख वह किसी तरह से उसके चुंगल से बाहर निकल गई। उसने अपने साथ हुई घटना को पति और मां से बताया। बाद में स्वास्थ्यकर्मी उसका पीछा करते हुए बस स्टैंड तक पहुंच गया। जहां उसने छेड़खानी की बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल महिला की शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है।
