स्वाधीनता संग्राम और उनके गौरवशाली इतिहास पर विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम शुरू करेगा आकाशवाणी देहरादून
जनमंच टुडे/ देहरादून।
क्षेत्रीय समाचार एकांश, आकाशवाणी देहरादून के समाचार प्रमुख राघवेश पांडेय ने बताया कि स्वाधीनता दिवस के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में सरकार ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत अनेक गतिविधियों का आयोजन कर रही है। इस अवसर को ‘जन उत्सव’ के रूप में मनाते हुए आकाशवाणी समाचार देहरादून स्वाधीनता संग्राम और उनके गौरवशाली इतिहास पर विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। इसे 1 सितम्बर से प्रत्येक बुधवार और बृहस्पतिवार को शाम साढ़े 6 बजे क्षेत्रीय समाचार में शामिल किया जाएगा। प्रश्न का उत्तर ईमेल एड्रेस amritmahotsavquizddn@gmail.com अथवा मोबाइल नंबर 9837192022 पर व्हाट्सएप या मैसेज के माध्यम से भेजा जा सकता है। सबसे पहले सही जवाब देने वाले श्रोता को आकाशवाणी देहरादून की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। सफल प्रतिभागी के नाम की घोषणा अगले दिन के समाचार बुलेटिन में की जाएगी। सही उत्तर देने वाले श्रोता की प्रतिक्रिया रिकार्ड कर प्रसारित भी की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले श्रोताओं को उत्तर के साथ अपना नाम, ई मेल आईडी, मोबाइल नंबर , पूरा पता और फोटोग्राफ देना होगा।
आप भी इस प्रतियोगिता में ज़रूर हिस्सा ले।
