मुख्यमंत्री ने सदन में की कई घोषणाएं
जनमंच टुडे/ देहरादून।
मुख्यमंत्री श पुष्कर सिंह धामी ने आज विधानसभा सदन में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रत्येक विधानसभा सदस्य को दी जाने वाली विधायक निधि में वित्तीय वर्ष 2020-21 हेतु की गई रू0 1.00 करोड़ (एक करोड़ मात्र) की कटौती को निर्गत किया जायेगा। धामी ने कहा कि गवर्नमेण्ट डिग्री कॉलेजों के छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराया जायेगा। सदन में धामी ने कहा कि राज्य स्थित कैण्ट बोर्ड में निवास करने वाले भूतपूर्व सैनिकों का भवनकर माफ किया जाएगा साथ ही कहा किराज्य में कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्रों के विकास, पलायन की रोकथाम एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा करने हेतु भू-विधियों का अध्ययन कर आवश्यक सुझाव देने हेतु पूर्व मुख्य सचिव / अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राजस्व परिषद् श्री सुभाष कुमार की अध्यक्षता में समिति का गठन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सब-इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर, पटवारी / लेखपाल, राजस्व निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार के साथ ही ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी को कोविड-19 में उनके द्वारा किये जा रहे सराहनीय कार्यों एवं सेवाओं के लिए 10 रुपए की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति की राशि को 250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने और इसके लाभान्वितों की संख्या को 11 से बढ़ाकर 100 करने की घोषणा की। श्रीदेव सुमन राज्य मेधावी छात्रवृत्ति की राशि को 150 से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की भी घोषणा की। 600 अतिरिक्त विद्यालयों में वर्चुअल क्लासेज की व्यवस्था की जाएगी। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों सहित सभी शासकीय विद्यालयों में 1 से 14 सितम्बर 2021 तक प्रवेश पखवाडा एवं 15 सितम्बर 2021 को नवप्रवेशित बच्चों के लिए स्वागोत्सव मनाया जाएगा।
