डीएम ने अफसर, कर्मचारियों को अलर्ट रहने को कहा
जनमंच टुडे/ पौड़ी।
मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र देहरादून द्वारा 28 अगस्त को प्राप्तः 10 बजे को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 अगस्त से एक सितंबर 2021 तक जनपद गढ़वाल में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही हल्की से माध्यम वर्षा/गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के चेतावनी के मध्येनजर जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल ने जनपद के अन्तर्गत विशेष तौर से सावधानियां बरतने के निर्देश दिये गये हैं। जानकारी देते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जिला कार्यालय पौड़ी अजीत रावत ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा/दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्रवाई करते हुए सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाये। प्रत्येक स्तर पर तत्परता बनाये रखते हुए सावधानी सुरक्षा एवं आवागमन में नियंत्रण बरता जाये। जनपद, तहसील स्तर पर गठित आईआरएस प्रणाली के नामित समस्त अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट में रहेंगें। किसी भी मोटरमार्ग के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभागों द्वारा अवरूद्ध मोटरमार्गों के संबंध में समय-समय पर नियमित रूप से सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायी जायेगी। समस्त राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में बने रहेंगे। समस्त चौकी थाने भी आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलैस सैट सहित अलर्ट एवं क्रियाशील अवस्था में रहेंगे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को दूरभाष संख्या 01368-221840 अथवा मोबाइल 9412082535 पर उपलब्ध कराने को कहा। कहा कि इस अवधि में किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहेंगे। जनपद गढ़वाल की समस्त तहसीलों में आवंटित सैटेलाईट फोन क्रियाशील अवस्था में रहेंगे।
