जनप्रतिनिधियों को मृदु व्यवहार रखना होगा
जनमंच टुडे/ ऊखीमठ।
प्रधान संगठन की बैठक अध्यक्ष सुभाष रावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई तथा बैठक में संगठन के हित में अनेक प्रस्ताव पारित किये गये। बैठक में संरक्षक सन्दीप पुष्वाण को प्रदेश संगठन में सलाहकार व कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन सेमवाल को प्रदेश सचिव का दायित्व मिलने पर संगठन द्वारा दोनों पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।

ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष रावत ने कहा कि हर जनप्रतिनिधि को समाज व अधिकारियों के साथ मृदु व्यवहार रखना होगा तभी हर जनप्रतिनिधि की पहचान सच्चे समाज सेवक के रूप में होगी।सचिव विजयपाल नेगी ने कहा कि किसी भी सुझाव से सम्मान मिलेगा तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी! मीडिया प्रभारी योगेन्द्र नेगी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी को एक साथ सघर्ष करना होगा। प्रधान कविल्ठा अरविन्द राणा ने कहा कि सगठन सर्वोपरि है इसलिए सभी को संगठन के लिए मजबूती से खड़ा होना पडे़गा। प्रधान रासी कुन्ती नेगी ने कहा कि मदमहेश्वर घाटी के रासी गाँव से लगभग 38 किमी दूर सुरम्य मखमली बुग्यालों के मध्य विराजमान मनणामाई तीर्थ में धर्मशाला निर्माण, मदानी नदी पर पुल निर्माण और रासी – मनणामाई व चौमासी – मनणामाई पैदल ट्रैकों को विकसित करने के लिए शासन – प्रशासन से वार्ता की जायेगी।

बैठक में प्रदेश संगठन के सलाहकार सन्दीप पुष्वाण व प्रदेश सचिव हर्षवर्धन सेमवाल ने कहा कि प्रदेश संगठन द्वारा उन्हें जो दायित्व दिया गया है उनका निर्वहन निष्ठा व ईमानदारी से किया जायेगा। इस मौके पर सुदर्शन राणा, शान्ता रावत, आशा सती, अरविन्द रावत, राकेश रावत, दिलवर रावत, बीरेन्द्र राणा, देवेन्द्र पंवार, मनोरमा देवी, नवीन रावत, सरला देवी संगीता देवी, प्रर्मिला देवी, गजपाल राणा, विनीता देवी पिंकी देवी, प्रेमलता देवी, हुक्म सिंह फस्वार्ण सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य व विभिन्न गांवों के प्रधान मौजूद थे।
- वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी।
