वात्सल्यवाटिका निर्माण से देश को पुनः विश्वगुरु बनने में मदद मिलेगी : हरक
जनमंच टुडे/ पौड़ी/कोटद्वार ।
कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कोटद्वार में स्वनाथ वैदिक गुरुकुल कण्वाश्रम का उदघाटन किया। इस मौके पर करीब 20 अनाथ बच्चों ने आश्रम में प्रवेश लिया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ रावत ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण स्वनाथ हुए बच्चों के लिए गुरुकुल महाविद्यालय कण्वाश्रम की ओर से अच्छी पहल की गई है। कहा कि वात्सल्य वाटिका में स्वनाथ बच्चों का लालन-पालन करने के साथ ही उन्हें अच्छी शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे वे भविष्य में संस्कारवान बनने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। डा रावत ने कहा कि वात्सल्यवाटिका के निर्माण से देश को पुनः विश्वगुरु बनने में मदद मिलेगी। इस मौके पर डॉ रावत ने डॉ विश्वपाल जयंत को वत्सला वाटिका के संचालन के लिए एक लाख रुपए की धनराशि दी। उन्होंने वत्सला वाटिका में रहने वाले बच्चों के लिए भवन निर्माण एवं आवश्यक सामग्री देने के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। गुरुकुल महाविद्यालय संस्थापक डॉ विश्वपाल जयंत ने कहा कि नए प्रकल्प को संचालित करने की योजना और व्यवस्था का कार्य वात्सल्य वाटिका हरिद्वार के प्रधान प्रदीप मिश्रा द्वारा किया जा रहा है।
