अब पूरे साल खुला रहेगा चीला रेंज
जनमंच टुडे/देहरादून।
टाइगर रिजर्व की चीला रेंज की अंधेर ट्रैक को जंगल सफारी के लिए पूरे साल के लिए खोल दिया गया है। प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। पार्क प्रशासन ने इस ट्रैक पर जंगल सफारी शुरू कर दी। बाकी रेंजों में पहले वाले ही नियम के अनुसार ही जंगल सफारी होगी। चीला रेंज पर्यटकों की सबसे पसंदीदा है। यह रेंज हाथी बहुल्य के लिए जानी जाती है। बरसात के मौसम में पार्क के गेट पर्यटकों के लिए बंद कर दिए जाते हैं, लेकिन राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने चीला रेंज के अंधेर ट्रैक को साल के बारह महीने खोलने का निर्णय लिया है। जंगल सफारी का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ और रेंजर अनिल पैन्यूली ने किया। रेंजर अनिल पैन्यूली ने बताया कि, कोरोना गाइडलाइन का पालन कराते हुए जंगल सफारी कराने के निर्देश जिप्सी चालकों और कर्मचारियों को दिए गए हैं। ट्रैक पर सफारी करने के लिए अधिकतम दो घंटे का समय तय किया गया है। जंगल सफारी के लिए प्रति जिप्सी का किराया 1,750 रुपये निर्धारित किया गया है। वाहन का एंट्री शुल्क 250 रुपये और प्रति व्यक्ति 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। एक जिप्सी में अधिकतम सात लोग जंगल सफारी के लिए जा सकते हैं। सुबह को 06:30 से 09:30 बजे तक और शाम को 02:30 से 04:00 बजे तक दो शिफ्ट में जंगल सफारी की जा सकती है।
