सड़क पर पलटा ट्रक,कई बच्चे हुए चोटिल
जनमंच टुडे/ नरेंद्रनगर।
पट्टी दोगी क्षेत्र के गूलर-गजा रोड पर ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक सवार इंटरमीडिएट कॉलेज घेराधार के एक दर्जन से अधिक बच्चे चोटिल हो गये हैं। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश कुलियाल,जोत सिंह कैंतुरा व भैरगीड के प्रधान मोर सिंह पुंडीर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक संख्या uk07 सी-बी- 8121 पौध व कृषि विभाग का सामान लेकर ऋषिकेश से कोटर दोगी गया था। ट्रक कोटर से वापस लौट रहा था कि इस बीच इंटरमीडिएट कॉलेज घेराधार के स्कूली बच्चों की छुट्टी हो गई। क्षेत्र में बच्चों की पढ़ाई के लिए यह कॉलेज काफी दूर पड़ता है। लिहाजा बच्चे लिफ्ट मांग कर ट्रक में सवार हो गए। ट्रक में टिपरी, बाँसकाटल, भैरगीड, गांव के बच्चे सवार थे।

बेहद उबड़-खाबड़ रोड पर ट्रक अचानक टिपरी और बाँसकाटल के बीच एक गधेरे के पास पलट गया। सामाजिक कार्यकर्ता जोत सिंह कैन्तु व भैरगीड के प्रधान मोर सिंह पुंडीर का कहना है कि ट्रक में 1 दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। गनीमत यह रही कि ट्रक ढंगार की तरफ नहीं ऊपर की तरफ पलटा और एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। 14 बच्चे इस हादसे में चोटिल हो गये। जिनमें 8 अधिक गंभीर बताये जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। बच्चों के अभिभावक उन्हें निजी वाहनों में बैठाकर बच्चों को हॉस्पिटल की ओर चल दिये। रास्ते में 108 सेवा भी चोटिल बच्चों को लेने पहुंच गई थी। घटना की सूचना पाते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को 108 सेवा व निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।
