शहीद के गांव पहुंचे मुख्यमंत्री, जाबांज को किया नमन
जनमंच टुडे/ देहरादून/ पौड़ी/सतपुली।
सियाचिन में शहीद हुए 57 बंगाल इंजीनियरिंग के जवान विपिन सिंह(24) का पार्थिव शरीर उनके गांव धारकोट पहुंच गया है। शहीद का शव जैसे ही गांव पहुंचा, पूरा माहौल गमगीन हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद के गांव पहुँच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहीद को उनके पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जाबांज विपिन सिंह के पौड़ी जिले के पाबौ विकासखंड के उनके गांव धारकोट पहुंचे और शहीद के परिजन एवं माता एवं पिता से मिले और उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद विपिन सिंह गुसाईं के परिवार को राज्य सरकार हर संभव मदद देगी। उन्होंने ईश्वर से इस विकट घड़ी में उनके परिवार को दुख सहन शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की । उन्होंने कहा कि शहीद विपिन सिंह गुसाईं एक परिवार का ही नहीं बल्कि पूरे देश का बेटा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहीद के गांव को जाने वाली सड़क का नाम और इंटर कॉलेज का नाम शहीद विपिन सिंह के नाम पर किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि शहीद के गांव को जाने वाले धारकोट- इठूड सड़क का नाम और राजकीय इंटर कॉलेज चम्पेश्वर का नाम शहीद विपिन सिंह गुसाईं के नाम पर किया जाएगा। इस मौके पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दुनिया में इससे बड़ा दुख और कोई नहीं हो सकता कि किसी का जवान बेटा चला जाए। उन्होंने कहा कि सरकार हर समय शहीद के परिवार के साथ खड़ा है। उच्च शिक्षा मंत्री/ क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, एसएसपी पी रेणुका देवी सहित अन्य गणमान्य ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए।
शहीद की अंतिम यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद टम्टा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह, एसडीएम सदर आकाश जोशी, सीओ सदर प्रेमलाल टम्टा, सीओ श्रीनगर श्यामदत्त नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा देवी सहित कई अधिकारी एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
