भगवान तुंगनाथ के मक्कूमठ आगमन पर होगा उत्सव

जनमंच टुडे/ ऊखीमठ।

पंच केदार में तृतीय केदार के नाम से विश्व विख्यात भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ आगमन पर 1 नवम्बर को मनाये जाने वाले एक दिवसीय तुंगनाथ महोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। तुंगनाथ महोत्सव के आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह बना हुआ है। इस बार तुंगनाथ महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा निमन्त्रण भेजा गया है तथा शीघ्र ही ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री को न्यौता देने देहरादून रवाना होगा।

तुंगनाथ महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न उप समितियों का गठन कर मक्कूमठ के ग्रामीणों को जिम्मेदारियां दी जा रही है। जानकारी देते प्रधान विजयपाल नेगी ने बताया कि इस बार भगवान तुंगनाथ के कपाट 30 अक्टूबर को विधि – विधान से शीतकाल के लिए बन्द किये जायेंगे। कपाट बन्द होने के बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली कैलाश से शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ के लिए रवाना होगी और सुरम्य मखमली बुग्यालों में नृत्य करते हुए प्रथम रात्रि प्रवास के लिए चोपता पहुंचेगी। 31 अक्टूबर को चोपता से रवाना होकर विभिन्न यात्रा पडा़व पर श्रद्धालुओं को आशीष देते हुए अन्तिम रात्रि प्रवास के लिए भनकुण्ड पहुंचेगी । उन्होंने बताया कि 1 नवम्बर को भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली भनकुण्ड से शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ के लिए रवाना होगी। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ आगमन पर एक दिवसीय तुंगनाथ महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि एक दिवसीय तुंगनाथ महोत्सव की तैयारियां जोरों पर है, इसे लेकर स्थानीय जनता में  उत्साह बना हुआ है।

बताया कि विगत वर्ष वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण तुंगनाथ महोत्सव स्थगित किया गया था, इसलिए इस बार तुंगनाथ महोत्सव के आयोजन को लेकर स्थानीय जनता में उत्साह बना हुआ है! उन्होंने बताया कि तुंगनाथ महोत्सव के उदघाटन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निमन्त्रण भेजा गया है और शीध्र ही वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री को न्यौता देने देहरादून रवाना होगा। उन्होंने बताया कि एक दिवसीय तुंगनाथ महोत्सव में स्थानीय व उत्तराखण्ड के सुप्रसिद्ध कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।

वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण सिंह नेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *