बारिश से गेहूं, सरसों की फसल को भारी नुकसान
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। जिससे खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों समेत अन्य फसलें बर्बाद हो गई। वहीं, फसल बर्बाद होने के बाद किसानों के चेहरे मुरझाए हुए हैं रविवार सुबह गरज के साथ मूसलाधार बारिश हुई। जबकि, तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरे। बारिश किसानों के लिए मुसीबत बन कर बरसी है। लॉकडाउन के चलते पहले से ही मजदूर नहीं मिल रहे थे। जिस कारण किसानों की खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी और कई जगहों पर किसानों ने खेतों में गेहूं काटकर भी रखे हुए थे, लेकिन बारिश से सारी फसल बर्बाद हो गई है। इसके साथ ही देहरादून में भी फसलों को नुकसान हुआ है। यहां बारिश में हरी सब्जियां भी खराब हो गई हैं। यहां मंडी में भी लोग सामान लेने नहीं पहुंचे। उधर, इस बारिश ने नगर निगम की भी पोल भी खोल दी। नाली बंद होने से शहर के सभी मुख्य मार्ग और कॉलोनियां जलमग्न हो गई। लक्सर में रविवार सुबह से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिससे किसानों के माथे पर बल पड़ गए। इनदिनों खेतों में गेहूं और सरसों की फसल खड़ी है। कुछ किसान गेहूं की फसल की थ्रेसिंग की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद फसल को बाजार लेजाकर बेचने की योजना थी, लेकिन बारिश ने किसानों के मेहनत को बर्बाद कर दिया।
