पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना मकसद

जनमंच टुडे/ पौड़ी। आजादी के अमृत महोत्सव के अर्न्तगत जनपद के विभिन्न विकासखण्डों में 18 से 22 अप्रैल के मध्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके क्रम में आज जनपद मुख्यालय पौड़ी के नगर पालिका डमरू हॉल से स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम व जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने संयुक्त रूप से स्वास्थ्य मेले का शुभारम्भ किया। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित स्वास्थ्य मेले में लोगों को स्वास्थ्य व फिटनेस सम्बधी जानकारी देने, जागरूकता बढ़ाने से सम्बधिंत फिटनेस गाइड का लोकार्पण किया गया।   मेले में स्थानीय लोगों के डिजिटल हेल्थ कार्ड आईडी, आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ-साथ उच्च रक्तचाप, मधुमेह व कैंसर आदि की निशुल्क जाचें भी की गयी। आयोजित स्वास्थ्य शिविर में बाल रोग, नेत्र, नाक, कान, गला, हड्डी रोग, स्त्री रोग विशेषज्ञों, दन्त शल्यक व फिजिशियन द्वारा लोगों का परीक्षण कर स्वास्थ्य सम्बन्धी परामर्श दिये गये। स्वास्थ्य मेले में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के साथ-साथ योग सत्र व कोविड-19 विशेष टीकाकरण अभियान भी चलाया गया। विधायक राजकुमार पोरी ने स्वास्थ्य परीक्षण करने आये लोगों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य मेलो का समय-समय पर आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे आम जनमानस को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास ग्राम पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करवाने का है जिससे छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो सकेगा और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *