प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट
जनमंच टुडे। टनकपुर। राज्य में मानसून के चलते गाड़ गदेरे, नदी नाले उफान पर है। भारी बारिश से हुए भूस्खलन के चलते प्रदेश में कई सड़कें बन्द होने से लोगों को आवाजाही करने में मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में कल से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए देहरादून जिले समेत अन्य कई जिलों में जिला प्रशासन ने शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी है। वही भारी बारिश के चलते चम्पावत जिले में बच्चों को लेने जा रही एक बस उफनाती कि किरोड़ा नामक बरसाती नाले के चपेट में आकर बह गई। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के लोगों के साथ ही कांवड़ियों की मदद से चालक, परिचालक को बस से निकाला। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले रामनगर सड़क पार कर रही पर्यटकों की कार सड़क में बने रपटे में बह गई थीं। हादसे में 9 लोग बरसाती नाले में वाहन समेत बह गए थे । चंपावत जिले के टनकपुर की किरोड़ा बरसाती नाले में स्कूल बस बह गई। गनीमत यह रही उस वक्त बस में केवल चालक व हेल्पर मौजूद थे।
