25 से पहले होगी 10वीं,12वीं के छूटे हुए पेपर

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बैठक में 25 जून से पहले हाईस्कूल व इंटर बोर्ड की शेष परीक्षाएं संपन्न कराने का सुझाव दिया गया है। परीक्षा कार्यक्रम की एक-दो दिन में घोषणा हो जाएगी। गुरुवार को नवीन अनाज मंडी विश्राम गृह में आयोजित शिक्षा परिषद की बैठक बंद सभागार में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया।
बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि हाईस्कूल और इंटर कक्षा की जो परीक्षाएं अधूरी रह गई हैं वे परीक्षाएं 25 जून से पहले कराई जाएंगी। इसके लिए सभी तैयारियां आरंभ करने का निर्देश दिया जा चुका है। उन्होंने कहा पहले संपन्न हो चुकी परीक्षा में जो सेंटर थे। उन्हीं परीक्षा सेंटरों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। लॉकडाउन के दौरान जिन सेंटरों को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। उनके निकट के किसी विद्यालय को परीक्षा सेंटर बनाया जाएगा।
जिन विषयों की परीक्षाएं पूर्व में हो गई हैं उनकी कॉपियों का भी शीघ्र मूल्यांकन कराया जाएगा। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बच्चों के कक्षाओं में जाने से पहले गेट पर ही सैनिटाइज की व्यवस्था होगी। सभी बच्चों को मास्क लगाकर परीक्षा देने आना होगा। एक पाली में हाईस्कल और दूसरी पाली में इंटर की परीक्षाएं होंगी। उन्होंने ने कहा कि परीक्षाएं कराने के लिए धन की कोई कमी नहीं आएगी। एक करोड़ का बजट पास किया गया है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान की फीस लेने के लिए हाईकोर्ट द्वारा जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा। बैठक में शिक्षा निदेशक माध्यमिक आरके कुंवर, बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी, अपर सचिव ब्रजमोहन रावत, संयुक्त सचिव केके वाष्णेय, जनसंपर्क अधिकारी एसपीएस नेगी, अपर सचिव नवीन पाठक, मुख्य शिक्षाधिकारी आरसी आर्या, बीईओ आरएस नेगी, एबीईओ गीतिका जोशी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed