मुख्यमंत्री ने युवाओं से की प्रदर्शन समाप्त कर परीक्षाओं में जुटने की अपील
जनमंच टुडे। देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं से प्रदर्शन को समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ अन्याय नहीं होने देगी। धामी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पेपर लिक होने का पता चलते ही सरकार ने इन परीक्षाओं को दोबारा कराने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी में कुछ राजनीतिक दलों के लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस बीच इधर उत्तराखण्ड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधि मंडल ने अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से मुलाकात की और अपनी मांगों से उन्हें अवगत कराया। अपर मुख्य सचिव ने युवाओं से कहा कि बेराजगार संघ ने जो भी मुद्दे उठाए हैं, उस संबंध में मुख्यमंत्री से बात की जाएगी। उधर बेरोजगार युवाओं ने पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। देहरादून के कचहरी परिसर में भी युवाओं ने धरना दिया। वहीं कांग्रेस ने भी युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने लाठीचार्ज के विरोध में धरना दिया। उन्होंने शासन से युवाओं के प्रदर्शन में हुए पत्थरबाजी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
