विकास कार्यों की धनराशि खर्च न होने पर कार्रवाई होगी : महाराज
जनमंच टुडे। देहरादून। पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों, विकास खंडों और जिला पंचायतों में पैसा खर्च नहीं होगा तो वहां के जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों को दंडित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला पंचायत, विकासखंड और ग्राम पंचायतों का पैसा खर्च न होने पर खराब प्रदर्शन करने वाले ग्रामसभा, विकासखण्ड और जिला पंचायतों को चिन्हित किया जाएगा। 17 अप्रैल को नई दिल्ली में पंचायतों के प्रोत्साहनीकरण विषय पर होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पंचायती राज निदेशालय में हुई पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक में काबीना मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कैबिनेट की बैठक गांव में कराने के लिए गांव का चयन करने के साथ-साथ जिला पंचायतों में भ्रष्टाचार के जो भी मामले उजागर हुए हैं उन पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।
पंचायती मंत्री सतपाल महाराज ने पंचायत अधिकारियों से पूर्व में आयोजित बैठक में तय विषय पंचायत निदेशालय में कॉल सेंटर, व्हाट्सएप नंबर आदि स्थापित किये जाने पर पर अधिकारियों से जवाब मांगा। इस पर पंचायत अधिकारियों ने बताया कि 1 मई तक निदेशालय में सेंटर की स्थापना कर दी जाएगी। पंचायत मंत्री महाराज ने कहा कि पंचायतें आय के स्रोत में वृद्धि करने के लिए कार्य योजना तैयार करें। पंचायत मंत्री महाराज ने ग्राम पंचायतों, विकासखंड और जिला पंचायतों में स्वच्छता एवं पेयजल के लिए 15वें वित्त आयोग से मिली धनराशि को अब तक तक खर्च न करने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने प्रदेश के 13 जनपदों की पंचायतों में 15 वें वित्त आयोग से जिला पंचायत को मिले 81.29 करोड़ में से 63.07 करोड़, ग्राम पंचायतों को मिले 402.72 करोड़ में से 315.36 करोड़ और विकासखण्डों को मिले 54.20 करोड़ में से मात्र 34.70 करोड़ की धनराशि खर्च किये जाने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
की धनराशि इसके अलावा जो ग्राम सभाएं ,जिला पंचायत और विकासखंड सबसे अच्छा कार्य करेंगे उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। बैठक में जागेश्वर विधायक मोहन सिंह, पंचायतीराज सचिव नितेश झा, अपर सचिव ओमकार सिंह, अपर निदेशक मनोज कुमार तिवारी, संयुक्त निदेशक रविनाथ रमन त्रिपाठी एवं हिमाली आदि अधिकारी मौजूद थे।
