टोकन व्यवस्था से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा : महाराज
जनमंच टुडे। देहरादून। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार चारों धामों में दर्शन के लिए स्लॉट/टोकन वितरण एवं कतार प्रबन्धन की व्यवस्था लागू की गयी है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया से शुरू हो रहे चारधाम यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि चारों धामों में लगने वाली लम्बी कतारों और दर्शन में लगने वाले लम्बे समय को देखते हुये दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था लागू की गयी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक धाम में उपलब्ध स्थान और आवासीय क्षमता के अनुसार सम्बन्धित जिलाधिकारियों की सहमति के आधार पर धामों में दैनिक दर्शन के लिए समय सीमा का निर्धारण किया गया है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था के अन्तर्गत एक-एक घण्टे के स्लॉट में दर्शनार्थियों की संख्या का निर्धारण किया गया है। जिससे दर्शनार्थियों को अपने स्लॉट समयावधि अधिकतम एक घण्टा ही कतार में लगना पड़ेगा। टोकन वितरण के लिए चारों धाम में काउन्टर लगाये जायेंगे, जहां पर स्लॉट के अनुसार दर्शनार्थियों को टोकन वितरित किये जायेंगे। उन्होने कहा कि इससे चारधामों में आने वाले दर्शनार्थियों को न केवल मन्दिर में सुविधाजनक दर्शन होगें बल्कि धाम पर भ्रमण, संसाधनों के अवलोकन हेतु पर्याप्त समय भी सुलभ हो सकेगा। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार से यात्री लगातार पंजीकरण करवा रहे हैं यह प्रदेश के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस वर्ष की चारधाम यात्रा व्यवसायियों के लिए लाभकारी होगी।महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक कुल 13 लाख 37 हजार 261 से अधिक यात्री अब तक पंजीकरण करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा के लिए अब तक सर्वाधिक 4 लाख 76 हजार 811 श्रद्धालु पंजीकरण करवा चुके हैं। बद्रीनाथ-3 लाख 98 जहर 361, यमनोत्री-2 लाख 17 हजार 815, गंगोत्री-2 लाख 41 हजार 356 और हेमकुण्ड के लिए 2916 यात्री यात्रा के लिए अब तक पंजीकरण करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चारधाम यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर दिया है। महाराज ने बताया कि जीएमवीएन गेस्ट हॉउसों की बुकिंग के तहत अभी तक कुल 8 करोड़ 79 लाख 5 हजार 963 रुपये की बुकिंग हो चुकी है। पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि सरकार ने चारधाम सहित हेमकुंड साहिब के कपाट खोलने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली है। चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुरुष और महिला “पर्यटन सहायता व सुरक्षा मित्र” की तैनाती की जा रही है। उन्होंने यात्रा की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भक्तों से पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in, व्हाट्सएप नंबर 8394833833 या फिर टोल फ्री नंबर 1364 के जरिये अपना पंजीकरण करने की अपील की।
