महाराज ने दी केदारनाथ के कपाट खुलने पर बधाई
जनमंच टुडे। देहरादून। भगवान केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने तीर्थयात्रियों का देवभूमि आगमन पर स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी । उन्होंने बाबा केदार से सभी यात्रियों की सुगम, सफल और सुरक्षित यात्रा की कामना की। महाराज ने कहा कि आज शुभ मुहूर्त पर बाबा केदारनाथ के कपाट खुल गये हैं। इसके लिए सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बधाई। उन्होंने कहा कि केदारनाथ का आशीर्वाद हमें सदा मिलता रहेगा ऐसी कामना है। साथ ही पर्यटन मंत्री ने तीर्थयात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले अपना पंजीकरण करवाने के साथ-ही सरकार द्वारा जारी यात्रा नियमों का पालन करने का अनुरोध किया। महाराज ने कहा कि श्री केदारनाथ के कपाट खुलने के बाद अब 27 अप्रैल को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। महाराज ने बताया कि 18 फरवरी 2023 से प्रारम्भ हुये चारधाम एवं हेमकुण्ड यात्रियों के पंजीकरण के तहत अभी तक 17 लाख 92 हजार नौ सौ चार यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें से केदारनाथ के लिए 6 लाख 35 हजार 230 , बद्रीनाथ 5 लाख, 35 हजार 551 , गंगोत्री के लिए 3 लाख 26 हजार,111, यमुनोत्री की यात्रा के लिए 2 लाख 82हजार 757 एवं हेमकुण्ड हेतु 13,255 (तेरह दो सौ पचपन) यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।धर्मस्य एवं पर्यटन मंत्री महाराज ने बताया कि 16 फरवरी 2023 से शुरू हुई जीएमवीएन गेस्ट हॉउसों की बुकिंग के तहत अभी तक कुल 10,56,12058 (दस करोड़ करोड़ छप्पन लाख बारह हजार अट्ठावन) रुपये से अधिक की आमदनी हो चुकी है। महाराज ने चार धाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि चार धाम यात्रा की विस्तृत सुविधाओं का लाभ लेने के लिए यात्री अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं। चारधाम यात्रा के लिए पर्यटन विभाग की ऑनलाइन वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in, व्हाट्सएप नंबर 8394833833 या फिर टोल फ्री नंबर 1364 के जरिये अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
