मौसम का मिजाज बदला, बद्री- केदार में हुई बर्फबारी
जनमंच टुडे। देहरादून। आज बद्रीनाथ, केदारनाथ समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। वही चारधामों में हो रही बर्फबारी और मौसम को देखते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने 15 मई तक केदारनाथ की यात्रा पंजीकरण पर रोक लगा दी है।जबकि बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार 13 मई तक केदारनाथ के लिए 1.45 लाख यात्री दर्शन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। वही अब तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 1.75 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। पर्यटन विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 22 अप्रैल से 7 मई तक केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में 5 लाख 52 हजार से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए हैं। केदारनाथ धाम में 1.75 लाख, बदरीनाथ में 1,18,116, गंगोत्री में 1.13 लाख, यमुनोत्री मंदिर में एक लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
