सरकार ‘श्री अन्न ‘ के उत्पादन के लिए कार्ययोजना तैयार कर रही : जोशी

जनमंच टुडे। देहरादून। केन्द्रीय उद्योग संवर्द्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के महानियंत्रक डाक्टर उन्नत पी पण्डित ने कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने डा, पंडित और उनकी टीम को उत्तराखण्ड में निर्मित जैविक उत्पाद भेंट किये। कृषि मंत्री जोशी ने बताया कि सरकार  तुअर, झंगोरा, काला भट्ट को पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रही है। जोशी ने कहा कि सरकार ‘श्री अन्न ‘ के उत्पादन के लिए ऐसी कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं जिससे ग्रामीण आजीविका को अधिक से अधिक लाभ हो सके। उन्होंने 13 से 16 मई तक देहरादून में आयोजित होने वाले ‘श्री अन्न’ महोत्सव के बारे में भी डा पंड़ित को जानकारी दी। मुलाकात महानियंत्रक डा उन्नत पी. पण्डित ने कृषि मंत्री को बताया कि उत्तराखण्ड में जीआई बोर्ड की गठन की प्रक्रिया गतिमान है और जल्द ही यह देश का पहला बोर्ड बनेगा। उन्होंने बेरीनाग चाय के प्लाटिंग मेटेरियल और सीड्स को अन्यत्र न भेजने के सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैविक उत्पाद परिषद को डीआरडीओ के साथ मिलकर मिलेट्स का एक ऐसा केक या बार बनाना चाहिए, जो बार्डर में सैनिकों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं के लिए उपयोगी होगी। आपको बता दे कि प्रदेश में ‘वोकल फार लोकल‘ को धरातल पर उतारने के लिए राज्य के 13 कृषि उत्पाद जैसे लाल चावल, बेरीनाग,  चाय,  गहत,  मण्डुआ,  झंगोरा,  बुरांस का सरबत,  काला भट्ट,  चौलाई/रामदाना,  लाखोरी मिर्च,  पहाड़ी तोर दाल,  माल्टा फ्रूट,  नैनीताल लींची  आडू  को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से इनका भौगोलिक संकेतांक (जीआई) टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया अन्तिम दौर में पहुंच गई है।  उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इन उत्पादों को जीआई टैग हासिल हो जाएगा। इससे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग होने से यहां के किसानों तथा बुनकरों को इन उत्पादों के बेहतर दाम मिल सकेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम में जैविक उत्पाद परिषद के प्रबन्ध निदेशक विनय कुमार, लक्ष्मीकांत, आईडी भट्ट, प्रशांत, शिवा कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed