बाबा केदार के दर्शन किये
जनमंच टुडे। रुद्रप्रयाग। मुख्य सचिव डा. एसएस संधु ने केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हुए बाबा केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि की मनौति मांगी। इस अवसर पर उन्होंने धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए त्वरित गति से समयबद्ध गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मजदूरों का हौंसला बढ़ाया और कार्यदायी संस्थाओं को मजदूरों के भोजन व गर्म कपड़ों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने चिनूक हेलिकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचाई जा रही निर्माण सामग्री की प्राथमिकता से सुनिश्चितता करने को भी कहा।
शनिवार को केदारनाथ पहुंचे मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं से कहा कि पुनर्निर्माण कार्यों के लिए निर्माण सामग्री की उपलब्धता निरंतर बनी रहे, जिससे कार्यों में बाधा न हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि चिनूक हेलिकॉप्टर से जो भी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, उसे प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए। मुख्य सचिव ने तीर्थपुरोहितों के लिए बनाए जा रहे आवासीय भवनों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने मंदिर परिसर के समीप तीर्थपुरोहितों के निर्माणाधीन भवनों से मंदिर में पहुंच रहे यात्रियों को हो रही दिक्कत को देखते हुए यात्रा मार्ग को डायवर्ट करने को कहा। उन्होंने प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाबा केदार के धाम में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाए। इस मौके पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य सचिव को पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी दी। साथ ही यात्रा के सफल संचालन को लेकर किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डा. विशाखा अशोक भदाणे, लोनिवि के अधीक्षक अभियंता राजेश शर्मा, बीकेटीसी के सीईओ योगेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
