रोपित पौध की देखभाल करना हर ग्रामीण का दायित्व : पन्त

  • लक्ष्मण सिंह नेगी

जनमंच टुडे। ऊखीमठ। मदमहेश्वर घाटी की ग्राम पंचायत पाली सरूणा में लोक पर्व हरेला पर्व धूमधाम से मनाया गया। ग्राम पंचायत व विकासखण्ड के सयुंक्त तत्वावधान में गांवों के विभिन्न तोको में विभिन्न प्रजाति के फलदार व छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संवर्धन व संरक्षण का संकल्प लिया गया। हरेला पर्व पर ग्रामीणों द्वारा संकल्प लिया गया कि गांवों चारों ओर खाली भू, भाग पर समय – समय पौधरोपण किया जायेगा व प्रति माह में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।  प्रधान प्रेमलता पन्त ने कहा कि वर्तमान समय में भारत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व पर्यावरण समस्या से जूझ रहा है और भविष्य में पर्यावरण की समस्या गम्भीर हो सकती है, इसलिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रति वर्ष हरेला पर्व मनाकर प्रकृति को हरा – भरा रखने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि रोपित पौध की देखभाल करना हर ग्रामीण का दायित्व है और हरेला पर्व  तभी साकार होगा जब हम रोपित पौधे की देखभाल करेंगे। वन पंचायत सरपंच जगमोहन सिंह रावत ने कहा कि प्रकृति के साथ मानवीय हस्तक्षेप होने के कारण वर्तमान समय में पर्यावरण की समस्या बनती जा रही है व पर्यावरण सन्तुलन न होने से प्रकृति के आंचल से कई प्रजाति की दुर्लभ जडी़ – बूटियां विलुप्त की कंगार पर है।

महिला मंगल दल अध्यक्ष  सरिता देवी ने कहा कि प्रकृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रति वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनायें संचालित की जाती है इसलिए गांव के चारों ओर फैले भू, भाग की सुन्दरता को यथावत रखने के लिए सभी ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियावयन करना चाहिए। उप प्रधान अंजना देवी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की पावन माटी को प्रकृति ने अपने वैभव का भरपूर दुलार दिया है, इसलिए प्रकृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए सामूहिक पहल होनी चाहिए। ग्राम विकास अधिकारी महेश चन्द्र बुरियाल ने बताया कि हरेला पर्व पर ग्राम पंचायत पाली सरूणा के विभिन्न तोको में भीमल, अमरूद, नारंगी, नींबू सहित विभिन्न प्रजाति के 300 से अधिक फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया।

इस मौके पर आशा कार्यकर्ती पाटेश्वरी देवी, सरोजनी देवी, शान्ति देवी, नन्दा देवी, ममता देवी, उमा देवी, लखपत सिंह नेगी, राकेश सिंह नेगी, मनोज थपलियाल, रितिक पन्त, सुमित, शिवम, सरस्वती देवी वन्दना थपलियाल, उमेद नेगी, पूजा रावत, सौरभ जिरवाण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *