नयार नदी में डूबकर दो युवतियों की मौत
जनमंच टुडे।सतपुली। सतपुली नगर के दंगलेश्वर मन्दिर में जलाभिषेक करने गई एक ही गांव की एक युवती और एक किशोरी उफनाती पश्चिमी नयार नदी में बह गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकलकर अस्पताल पहुँचाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार सावन के पहले सोमवार को नगर की रहने वाली एक युवती और एक किशोरी आज सुबह जलाभिषेक के लिए नगर से करीब 2 किलोमीटर दूर नयार नदी किनारे स्थित प्राचीन दंगलेश्वर शिव मन्दिर में गई थी। जलाभिषेक से पहले दोनों नयार नदी में उतरी, इसी दौरान एक का पैर फिसल गया। एक दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों उफनाती नदी की चपेट में आकर बहने लगी । मन्दिर में मौजूद लोग कुछ समझ पाते इससे पहले दोनों उफनाती नदी में ओझल हो गई। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत सर्च अभियान चलाया और दोनों को लगभग दो किलोमीटर दूर सतपुली , पौड़ी पुल के पास से बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की पहचान सरोज (24) पुत्री श्याम सिंह, अदिति(15) पुत्री निर्मल सिंह, ग्राम ओडल के रूप में हुई। अदिति सरस्वती विद्यामन्दिर सतपुली में कक्षा 10वीं में पढ़ती थी, जबकि सरोज दिली में नौकरी करती थी और आजकल गाँव आई हुई थी।
