बेलगाम वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 3 की मौत
जनमंच टुडे। रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर गुड़ मंडी के पास आज एक बेकाबू वाहन ने दो बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक सात वर्षीय मासूम समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जबकी दो लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार जाहिद अपने सात साल के बेटे और मां सानो के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। जैसे ही वह दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर गुड़ मंडी के पास पहुंचा एक बेलगाम वाहन ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। उसके बाद वाहन ने दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद वाहन चालक तुरंत मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों बाइक सवारों को उठाया और पुलिस को सूचना दी। हादसे में जाहिद और उसके सात साल के लड़के की मौके पर ही मौत हो गई। जाहिद की माँ को तुरंत अस्तपाल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक में सवार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के ही रामपुर रुड़की निवासी शमीम और गुलाब नगर निवासी अरशद घायल हो गए। दोनों को रुड़की के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
