फूड प्वाइजनिंग से किशोरी की मौत
जनमंच टुडे। अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा में फूड प्वाइजनिंग से एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और दो भाइयों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार लमगड़ा के ओडय़ूड़ा निवासी हरीश राम की पत्नी रजुली देवी (36), बेटी पायल आर्या (15), बेटा भास्कर (17), गोकुल कुमार (13) और मयंक (11) लमगड़ा के ओडय़ूड़ा गांव में रहते हैं। जबकी हरीश राम दन्या में रहकर काम करता है। गत रात को परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और सो गए। अगली सुबह सुबह आठ बजे तक हरीश राम के घर का कोई सदस्य गांव वालों को नजर नहीं आया तो पड़ोसियों ने आवाज देने के साथ ही दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद गांव वालों ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया।जब ग्रामीण कमरों में गए तो सभी लोग उन्हें अचेत अवस्था में मिले। इस बीच हरीश के बड़े बेटे भास्कर को होश आ गया। ग्रामीण सभी को वाहन से तुरंत मेडिकल कालेज ले आए। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद पायल को मृत घोषित कर दिया, जबकि रजुली, गोकुल और मयंक को भर्ती कर लिया। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पायल कक्षा 9 में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि फूड प्वाइजनिंग के चलते उनके साथ यह हादसा हुआ।
