आंगन में खेल रही बच्ची को उठा ले गया गुलदार
जनमंच टुडे। पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में गत देर शाम को आंगन में खेल रही 4 साल की बच्ची को गुलदार उठाकर ले गया। ग्रामीणों के खोजबीन के बाद मासूस का शव जंगल से बरामद किया गया। गांव में गुलदार की धमक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गत देर शाम को पिथौरागढ़ जिले के चौड़मन्या चचरैत गांव निवासी शंकर दत्त की चार वर्षीय पुत्री राखी अकेले ही घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने राखी पर हमला कर दिया। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर निकले और गुलदार से राखी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन गुलदार राखी को दबोच कर जंगल की ओर भाग गया। परिजन और ग्रामीण गुलदार के पीछे भागे लेकिन गुलदार उनकी आंखों से ओझल हो गया। ग्रामीणों ने खोजबीन जारी रखी। सूचना पर वनविभाग की टीम भी पहुंचीऔर सर्च अभियान चलाया। ग्रामीणों और वनविभाग की टीम को देर रात को गांव से तीन किलोमीटर दूर बच्ची का क्षतिविक्षत शव मिला। ग्रामीणों ने वनविभाग से जल्द गुलदार के खौफ से निजात दिलाने की मांग की है।
