अब तक 60 लाख आभा आईडी और 52 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बने

जनमंच टुडे। देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अपर सचिव हेकाली झिमोमी ने राज्य में चल रहे आयुष्मान भवः अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों से विशेष कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य में चल रहे आयुष्मान भवः की प्रगति पर संतोष जताया है। वही अभियान के तहत प्रदेशभर में अब तक 60 लाख लोगों की आभा आईडी और 52 लाख से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री डाक्टर धन सिंह रावत ने कहा कि अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजीटल मिशन के तहत राज्य में प्रत्येक व्यक्ति की आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट यानि आभा आईडी बनाई जानी है। उधर अभियान के तहत के तहत चमोली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नंदानगर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से आयोजित इस मेले में करीब साढे तीन सौ लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही 57 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। उधर, आयुष्मान भवः अभियान के तहत पौड़ी जिले में कई जगहों पर साप्ताहिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में लोगों के स्वाथ्य की जांच कर उन्हें दवा वितरित की गई। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश कुंवर ने बताया कि स्वास्थ्य मेले के दौरान लाभार्थियों की आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाये गये। उन्होंने कहा कि आभा आईडी बनाने के लिए जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *