देश की स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : जोशी

जनमंच टुडे।देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर हुए कार्यक्रम में शामिल हुए और अभियान में उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। इसके अतिरिक्त मंत्री गणेश जोशी ने गढीकैन्ट में छावनी परिषद द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के तहत लोगों को डस्टबिन वितरण किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष में सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित स्वच्छता अभियान में आज देशभर के साथ ही प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जोशी ने कहा सफाई की शुरुवात अपने घर से करनी चाहिए। उन्होंने कहा समाज का वह वर्ग जो समाज में सफाई करते हैं उनकी चिंता करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वच्छता देश के सभी परिवारजनों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसमें जनभागीदारी अहम है। उधर बागेश्वर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत जिले के विभिन्न स्थानों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान अपने आस-पास के क्षेत्रों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया। सरयू घाट में चले सफाई अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वंयसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से हिस्सा लेकर सफाई की। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उत्तरकाशी में महात्मा गांधी की जयंती के पूर्व स्वच्छता अभियान चलाया गया। गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चैहान जी ने केदार घाट से इन्द्रवती पुल तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अन्तर्गत आज पौड़ी जिले में स्वच्छता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किये गये। कण्डोलिया में नेहरू युवा केन्द्र के तत्वावधान में गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वच्छता गतिविधियों का शुभारंभ किया और स्वच्छता ही सेवा की प्रतिज्ञा ली। क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के तत्वावधान में राजमती देवी विद्यामंदिर इण्टर कालेज में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई शहर में जगह – जगह स्वच्छता को लेकर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। साथ ही जिले भर के विद्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम संचालित किये गये। रूद्रप्रयाग जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत कचरा मुक्त भारत अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों, नगर पालिका, पंचायतों, स्कूलों समेत तमाम संस्थानों में एक घंटा श्रमदान किया। जिलाधिकारी डाॅक्टर सौरभ गहरवार की अगुवाई में कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील समेत तमाम सरकारी विभागों के अधिकारियों ने सफाई अभियान चलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *