चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, 47 लाख ने किये दर्शन

जनमंच टुडे। देहरादून। मानसून विदा होने के बाद प्रदेश में चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है और हजारों श्रद्धालुओं धामों के दर्शन को पहुंच रहे हैं। 22 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में  देश, विदेश के तीर्थयात्री तीर्थ यात्रा के लिए प्रदेश पहुंच रहे हैं, शासन प्रशासन श्रद्धालुओं  के सुविधाओं पर विशेष ध्यान रख रही है। उत्तराखंड  के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि मानसून समाप्त होने के बाद  एक बार फिर से चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।  महाराज ने कहा है कि चारधाम यात्रा निर्बाध गति से चल रही है, बड़ी संख्या में श्रद्धालु तीर्थ स्थलों के दर्शनों को धामों में आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि  हेमकुंड सहित चारधाम आने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा अब तक 47 लाख से ऊपर पहुंच गया है।  उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि  16 फरवरी से जीएमवीएन के गेस्ट हॉउस अब तक 26 करोड़ 68 लाख 36 हजार 943 रुपये की आय अर्जित कर चुके हैं।
महाराज ने कहा कि अगर यात्रा ऐसे ही चलती रही तो इस बार पिछले वर्ष से अधिक यात्री चारधाम यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि  फरवरी से अभी तक 69 लाख 77 हजार 8 सौ 63 यात्रियों ने चार धाम के लिए पंजीकरण करवाया है।  धर्मस्व मंत्री ने बताया कि अभी तक केदारनाथ के लिए  23 लाख 92 हजार 541, बद्रीनाथ के लिए  20 लाख 88 हजार 512, गंगोत्री के लिए  11 लाख 63 तिरेसठ हजार 246, यमुनोत्री के लिए  10 लाख 73 हजार 94 एवं हेमकुण्ड के लिए  2 लाख 60 हजार 470 यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed