पलायन रोकने में अपनी भागीदारी निभाएं निजी विवि : राज्यपाल

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों को मोटे अनाज, शहद उत्पादन, होम स्टे और स्वयं सहायता समूहों के क्षेत्र में अनुसंधान करने और पलायन रोकने में सहयोगी भूमिका निभाने का आह्वान किया है। देहरादून स्थित राजभवन में प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विश्वविद्यालयों द्वारा प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए की गई पहलों, विभागीय सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में नवाचार, यूजीसी मानकों के अनुसार शोध और ‘‘एक विश्वविद्यालय-एक शोध‘‘ कार्यक्रम के तहत प्रगति की प्रस्तुति दी गई। राज्यपाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेटा, क्वांटम जैसी आधुनिक तकनीकों में शोध को बढ़ावा देने की जरूरत बताई और कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘इंडिया एआई मिशन’ में राज्य के विश्वविद्यालयों को भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
राज्यपाल ने निजी विश्वविद्यालयों से आपसी सहयोग और संसाधनों के साझाकरण के माध्यम से रिसर्च कंसोर्टियम या संयुक्त नवाचार केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। सभी विश्वविद्यालयों ने इस पहल को स्वीकार करते हुए इसमें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *