दिनदहाड़े सरेराह प्रेमी ने रेता प्रेमिका का गला, मौत

हरिद्वार।  हरिद्वार के सिडकुल में प्रेमी ने दिनदहाड़े  प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार आजाद नगर, नाथपुरी, सीतापुर उत्तर प्रदेश की निवासी 22 वर्षीया हंशिका यादव पुत्री सत्यप्रकाश यादव अपने प्रेमी प्रदीप पाल के साथ  नवोदय नगर में घूम रही थी।  प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान तैश में आकर युवक ने अचानक जेब से चाकू निकाला और  अपनी प्रेमिका के गले पर वार कर दिया। युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी और तड़पती रही। आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार चार साल पहले प्रदीप और हंशिका यूपी के सीतापुर से हरिद्वार नौकरी की तलाश में आए थे और दोनों पहले से ही एक दूसरे को जानते थे। हरिद्वार आने के बाद दोनों ने नवोदय नगर में किराए का मकान लिया और दोनों लिव इन पार्टनर में रहने लगे थे। पुलिस के अनुसार करीब एक महीने पहले ही दोनों ने अलग, अलग रहना शुरू किया था।  प्रदीप को शक था कि हंसिका किसी अन्य लड़के से फोन पर बात करती है। उसने काम से लौट रही हंसिका को रोक लिया और दोनों घूमते हुए बातचीत करने लगे। इसके बाद युवक ने युवती का फोन चेक किया जिसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा और युवक ने चाकू से युवती का गला रेत दिया। सरेराह हुए इस घटना में किसी ने भी युवती को बचाने का प्रयास नहीं किया । पुलिस हत्या के आरोपित प्रदीप पाल की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *