बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने की अपील

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में 8 अक्तूबरको राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। एनडीडी के इस राउंड में 1-19 वर्ष आयु वर्ग के 59192 बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने बताया कि आगामी 08 अकटूबर को होने वाले कृमि मुक्ति दिवस के तहत 965 स्कूलों, महाविद्यालय सहित समस्त शिक्षण संस्थानों एवं 692 आंगनबाड़ी केंद्र में 01 से 19 आयु वर्ग के 59192 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्वेंडाजॉल खिलाई जाएगी। बताया कि किसी कारण कृमि नाशक दवा खाने से छूटे लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को 15 अक्टूबर को होने वाले एनडीडी मॉप अप डे पर कृमि नाशक दवा खिलाई जाएगी। साथ ही निर्माण साइटों पर मजदूर वर्ग के लक्षित आयु वर्ग के पाल्यों को भी कृमि नाशक दवा लिखाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि कृमि बच्चों के शरीर में महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को खा लेते है, जिससे बच्चों के शरीर में खून की कमी, कुपोषण और उनकी वृद्धि और विकास में रूकावट आ जाती है। नतीजतन बच्चों की सेहद, शिक्षा और कार्यक्षमता पर हानिकारक प्रभाव पड़ सकता हैं। बताया कि कृमि नाशक दवा खाने से स्वास्थ्य और पोषण में सुधार होने के साथ-साथ एनीमिया में नियंत्रण आदि फायदे होते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कृमि नाशक दवा एल्बेडाजौल गोली की खुराक व सेवन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 1-2 आयु के बच्चों को आधी गोली दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह चूरा कर खिलाएं, 2-3 वर्ष के बच्चों को एक पूरी गोली को दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह से चूरा कर खिलाएं तथा 3-19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खाने की सलाह के साथ खिलाएं।
उन्होंने शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, तकनीकी एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ निजी स्कूलों के प्रबंधक/संचालकों से अपने संस्थान में लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलवाकर उक्त अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed