रजत जयंती पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने रजत जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्थापना के बाद प्रदेश की महिलाओं ने क्या उपलब्धियां हासिल की एवं उनके सामने अभी भी क्या चुनौतियां हैं और भविष्य का विकसित भारत बनाने में उनकी क्या भूमिका होगी, इस पर मंथन के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। श्रीमती आर्या ने बताया कि यह आयोजन 8 नवंबर को हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दो हिस्से में होंगे। पहले हिस्से में टॉक शो, ग्रुप डिस्कशन और महिलाओं के लिए भविष्य के विजन पर चर्चा की जाएगी। जबकि दूसरे हिस्से में झौड़ा, सांस्कृतिक नृत्य, गायन जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगेे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
