निर्माणाधीन डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम का निरीक्षण किया

पौड़ी। जनपद में विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रविवार को तहसील पौड़ी के श्रीनगर रोड स्थित निर्माणाधीन डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। नवम्बर 2025 से प्रारंभ यह म्यूजियम अब शीघ्र पूर्ण होने की ओर अग्रसर है, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने म्यूजियम को “लर्निंग बाई डूइंग” तथा “बाला (बिल्डिंग एज लर्निंग ऐड)” थीम पर विकसित करने पर जोर देते हुए सभी प्रदर्शनों को इंटरैक्टिव एवं एकरूप बनाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर मिल सके। साथ ही ऑप्टिक्स, काइनेटिक, पोटेंशियल व डायनेमिक एनर्जी तथा मानव शरीर से संबंधित आकर्षक व ज्ञानवर्धक मॉडल स्थापित करने को कहा। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनों के साइनेज सरल व स्पष्ट रखने, वैज्ञानिकों से संबंधित इल्युमिनेटेड पैनल विकसित करने, डेमनस्ट्रेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में इन्वर्टर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने म्यूजियम तक जाने वाली सीढ़ियों व गलियारों में उचित लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा, जिससे आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर पालिका को परिसर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा वर्टिकल गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह म्यूजियम जनपद में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा व नवाचार को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बनेगा, इसलिए इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार एवं निर्माणदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *