टनकपुर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा तेजी से
चंपावत टनकपुर (चंपावत)। अमृत भारत योजना के तहत टनकपुर रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। स्टेशन में दो नए ब्रॉडगेज ट्रैक और प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद स्टेशन में पांच ट्रैक हो जाएंगे। वहीं अमृत भारत योजना में यात्री सुविधाओं को हाई टेक करते हुए दो स्वचालित सीढ़ी भी लग चुकी हैं जबकि लिफ्ट का भी कार्य अंतिम चरण में है।
स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि प्लेटफाॅर्म संख्या एक और दो में एक-एक स्वचालित सीढ़ी लगा दी गई है। साथ ही दो लिफ्ट भी लगाई हैं। इनका ट्रायल शुरू हो गया है। जल्द इसका संचालन शुरू हो जाएगा। स्टेशन में वर्तमान में तीन ट्रैक और प्लेटफार्म हैं। अब अधिक संख्या में ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए दो और नए ट्रैक का निर्माण शुरू हो गया है। ट्रैक के साथ दो नए प्लेटफॉर्म भी बनाए जाएंगे। सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होते ही यात्रियों को और बेहतर सुविधा मिलने लगेगी।
