बीकेटीसी के सीईओ बने मिश्रा
Oplus_131072
गोपेश्वर। शासन ने श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी पद पर रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को तैनाती दे दी है। बताते चलें कि बीकेटीसी के सीईओ विजय थपलियाल को शासन ने 17 मार्च को प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए मंडी समिति के मूल विभाग को भेज दिया था। इसके बाद से यह पद खाली चल रहा था। शुक्रवार को शासन ने रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी का अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी। अब मिश्रा डीएम रूद्रप्रयाग के साथ-साथ मंदिर समिति के सीईओ भी होंगे। लंबे समय बाद सरकार ने इस पद पर आईएएस अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पूर्व चमोली के जिलाधिकारी रहे मदन सिंह को शासन ने एक बार सीईओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी थी। पूर्णमल शर्मा, विजय कुमार पीसीएस अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे। इसी तरह आईएएस शैलेश बगोली, रणवीर सिंह चौहान , भगवत किशोर मिश्रा भी इस पद पर रहे। कुछ समय तक इस पद पर आईएएस अधिकारी के रूप में तत्कालीन जोशीमठ के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वी. षणमुगम भी तैनात रहे थे। इसके बाद पीसीएस प्रवेश चंद्र डंडरियाल सीईओ पद पर कार्यरत रहे। पीएफएस और बाद को आईएफएस के रूप में बीडी सिंह को प्रतिनियुक्ति पर इस पद पर तैनात किया गया। वह 10 साल के लंबे अंतराल तक इस पद पर बने रहे। पीसीएस योगेंद्र सिंह को भी इस पद पर बने रहने का मौका मिला। 29 जुलाई 2024 को प्रतिनियुक्ति पर आए विजय प्रसाद थपलियाल को इस पद पर तैनात किया गया। वह 17 मार्च 2026 तक इस पद पर रहे।
