बहु हितधारक कार्यशाला से होगी महिला समूहों की आय में वृद्धि

गोपेश्वर। चमोली जनपद में ग्रामोत्थान परियोजना के तहत एक बहु हितधारक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहों के 10 कंपनियों के साथ अनुबंध कराए गए। इन समझौतों से जहां स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलने की संभावना है, वहीं महिला समूहों की आय में भी वृद्धि होगी। कर्णप्रयाग में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गणेश साह ने किया। कार्यशाला के दौरान बद्री गाय का घी, शहद, भांग रेशा, भांग दाना, मिलेट्स, घेस और उर्गम राजमा जैसे उत्पादों के विपणन के लिए विभिन्न व्यापारिक संस्थानों से करार किए गए। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का स्टॉल लगाकर प्रदर्शन एवं बिक्री भी की गई, जिससे स्थानीय उत्पादों को पहचान और बाजार दोनों मिल सके। कार्यशाला में विभिन्न रेखीय विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागी महिलाओं को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *