सरकार सिख श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध : धामी

देहरादून। बैसाखी के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी से सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी को पारंपरिक रूप से सरोपा भेंट कर सम्मानित किया और बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिक्ख समुदाय के कल्याण, सम्मान और धार्मिक आस्था के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों ने सिख समाज को नई पहचान और सम्मान दिया है। उन्होंने विशेष रूप से हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना श्रद्धालुओं के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। इससे कठिन पर्वतीय यात्रा सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी तथा बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष लाभ प्राप्त होगा। बिंद्रा ने “वीर बाल दिवस” के आयोजन को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानपूर्वक मनाना सिख इतिहास और संस्कृति के प्रति देश की आस्था और सम्मान को दर्शाता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हेमकुंट साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजना लगभग ₹1700–₹1800 करोड़ की लागत से विकसित की जा रही है। यह परियोजना आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगी और पर्यावरण संरक्षण के मानकों का पूर्णतः पालन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिख श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हेमकुंट साहिब यात्रा मार्ग पर आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, जिसमें बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *