टेलीकॉम समिति की बैठक संपन्न

बागेश्वर।  जनपद में संचार सुविधाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बुधवार को टेलीकॉम समिति की बैठक ली। बैठक में दूरसंचार सेवाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी दूरसंचार कंपनियों को निर्देशित किया कि जनपद में स्थापित सभी टावर पूर्ण रूप से सक्रिय एवं कार्यशील रहें। उन्होंने एसडीओ, बीएसएनएल को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर टावर स्थापित किए गए हैं, वहां संबंधित ग्राम प्रधानों से तीन दिन के भीतर प्रमाण-पत्र प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जहां सड़क, सीवर लाइन अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, वहां संबंधित विभाग बीएसएनएल के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि दूरसंचार लाइनों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को भारत नेट योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी की तैनाती के निर्देश दिए, जिससे योजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा शासन की अधिकांश योजनाएं ऑनलाइन संचालित हो रही हैं, ऐसे में निर्बाध नेटवर्क उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी कपकोट को निर्देशित किया कि सभी वी-सैट (VSAT) की क्रियाशीलता की जांच सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता के अनुसार नए वी-सैट की खरीद प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करें, ताकि मानसून से पूर्व उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में एसडीओ आशीष निगम ने अवगत कराया कि जनपद में 4G सैचुरेशन योजना के अंतर्गत अब तक 48 नए टावर स्थापित किए जा चुके हैं तथा नेटवर्क विस्तार हेतु 7 नए टावर प्रस्तावित हैं। इनमें भागदानू (गरुड़), भानार, बैसानी, बड़ेत, चोरखड़क, कन्यालिकोट (कपकोट) एवं पौसारी शामिल हैं। भारत नेट योजना के तहत बीएसएनएल के फेज-1 में जनपद बागेश्वर की 124 ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा संचालित की जा चुकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *