संगीत की मधुर धुनों व स्वरों से सराबोर हुआ निर्मल दीप विद्यालय

ऋषिकेश – निर्मल दीपमाला विद्यालय में दिनांक 16 मई, 2026 को विद्यालय के संस्थापक महंत राम सिंह जी महाराज एवं व्यवस्थापक संत जोध सिंह जी महाराज की छत्रछाया में  सुसज्जित सभागार में भव्य संगीत समारोह का आयोजन अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ किया गया।  तबले की जटिल तालों , सूक्ष्म लयों तथा अद्भूत कौशल के धनी विश्व प्रसिद्ध तबला वादक  उस्ताद मोहम्मद अकरम खान  ने मुख्य अतिथि  तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ऋषिकेश के विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ललिता कृष्णास्वामी ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया।

दीप प्रज्वलन के साथ मूल मंत्र, गायत्री मंत्र तथा शबद गायन के स्वरों से वातावरण मंगल कामनाओं के प्रकाश से आलोकित हो उठा। डॉ0 निवेदिता सिंह प्रोफेसर पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला आज के संगीत समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। उनकी मधुर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

ज्ञातव्य है कि डॉ0 निवेदिता सिंह ने आयोजित संगीत कार्यशाला में निर्मल ज्ञान दान अकैडमी, डी.एस.बी, होली एंजेल, फुटहिल्स विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को रागों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।

मुख्य अतिथि ने अपने वक्तव्य में  विद्यालय की प्रशंसा  करते हुए गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करने के साथ ही उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।  संत जोध सिंह महाराज ने मुख्य अतिथि उस्ताद मोहम्मद अकरम खान एवं  डॉ निवेदिता सिंह को आदर व सम्मान का प्रतीक सिरोपा और  विद्यालय का स्मृति चिन्ह भेंट किया। श्रीमती नीरजा त्रिवेदी ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

भरत महाराज, आत्म प्रकाश बाबू, स0 हरमन सिंह, सरदार महेंद्र सिंह, बाबा हसन वीर सिंह, बलविंदर सिंह,  मंजीत सिंह, गुरजिंदर सिंह, सुरजीत सिंह,डॉ अवतार कौर, दिनेश पंवार, महेश सूद  चमन पोखरियाल, विद्यालय के चेयरमैन डॉ एस. एन. सूरी, रेणु सूरी, निर्मल ज्ञान दान अकादमी की प्रधानाचार्या डॉ सुनीता शर्मा, प्रधानाध्यापिका अमृतपाल डंग, तरन्नुम खान,  लक्ष्मी पोखरियाल तथा निर्मल आश्रम  के विभिन्न संस्थाओं से आए अनेक गणमान्य जन कार्यक्रम के साक्षी बने ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *