शासन ने चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू की
देहरादून। इस वर्ष 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम 23 अप्रैल को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे। इसके लिए शासन, प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “हमने चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां शुरू कर दी है, हमारा प्रयास है कि हम विगत चारधाम यात्रा के अनुभवों से सीख लेते हुए इस वर्ष श्रद्धालुओं को यात्रा की और भी अधिक सुगम व सुरक्षित बनाएं।” अब चारधाम यात्रा के ऑनलाइन पंजीकरण के लिए लोगों को शुल्क चुकाना होगा। जल्द ही शुल्क का निर्धारण कर लिया जाएगा। इसके लिए अपर आयुक्त गढ़वाल की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। इसे लेकर चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय व आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने चारधाम के होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, ट्रांसपोर्टरों और डंडी कंडी एसोेसिएशन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। आयुक्त ने कहा कि यात्रा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। इस दौरान तय किया गया कि फर्जी पंजीकरण रोकने के लिए न्यूनतम 10 रुपये शुल्क लगाया जाए। जल्द ही शासन से अनुमति मिलने के बाद शुल्क तय कर दिया जाएगा।
