व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
पौड़ी । जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की त्रैमासिक बैठक स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मिशन वात्सल्य, बाल श्रम उन्मूलन, बाल विवाह व बाल तस्करी की रोकथाम, विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान तथा बाल संरक्षण तंत्र को सुदृढ़ करने की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बाल हित से जुड़े मामलों में समयबद्ध व संवेदनशील कार्रवाई तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) गडोली हेतु अतिरिक्त पाइपलाइन के लिए पूर्व स्वीकृति के क्रम में धनराशि जारी कर कार्य को स्वीकृति दी गई, जिस पर 13 फरवरी से कार्य शुरू हो चुका है। पॉक्सो प्रकरणों से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट, चिकित्सीय परीक्षण व एफआईआर प्रतियां समय से उपलब्ध कराने पर समिति ने आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने पॉक्सो पीड़िताओं एवं बाल देखरेख संस्थाओं की बालिकाओं के लिए “खुशियों की सवारी” सुविधा उपलब्ध कराने, नशामुक्ति पर पृथक रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संप्रेषण गृह गडोली में मरम्मत, खेल सामग्री व पुस्तकालय विकसित करने, सीडब्ल्यूसी सदस्यों को रोस्टर अनुसार फील्ड निरीक्षण व नियमित बैठकें आयोजित करने तथा बाल पंचायत के आयोजन पर सहमति दी।
उन्होंने ग्राम व ब्लॉक स्तर की बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, सहायक अर्थ एवं संख्याधिकारी रणजीत सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर रावत, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष राकेश चंद्र, सदस्य गंगोत्री नेगी, सुनीता भट्ट, अमन, अभिषेक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
