अनुरोध की श्रेणी में आने वाले पात्र शिक्षकों के स्थानांतरण होंगे : डॉ रावत

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग में अनुरोध की श्रेणी में आने वाले पात्र शिक्षकों के स्थानांतरण किये जायेंगे। जिसके लिये विभागीय अधिकारियों को नियत समय पर जनपदों से प्रस्ताव मांगने को कहा गया है। विद्यालयों में तैनात एकल शिक्षक के अवकाश की अवधि में निकटतम विद्यालय से दूसरे शिक्षक की वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये गये हैं ताकि संबंधित विद्यालय में पठन-पाठन सुचारू रूप से चलाया जा सके। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के आस-पास 150 मीटर के दायरे में संचालित शराब की दुकानों एवं पान, बीड़ी-सिगरेट, तम्बाकू आदि की दुकानों को हटाया जायेगा। इसके लिये सभी जनपदों से रिपोर्ट तलब की गई है। सूबे के शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में विभागीय समीक्षा बैठक ली। जिसमें में उन्होंने वर्तमान स्थानांतरण सत्र में अनुरोध की श्रेणियों में आने वाले शिक्षकों से प्रस्ताव आमंत्रित कर कार्रवाई के निर्देश दिये। इसके लिये सभी जनपदों के शिक्षा अधिकारियों को नियत समयावधि में प्रस्ताव मांगने को कहा गया है। प्रदेशभर के एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में पठन-पाठन को सुचारू रखने की जिम्मेदारी खण्ड शिक्षा अधिकारियों की होगी, इसके लिये एकल शिक्षक के अवकाश पर जाने की दशा में निकटतम विद्यालयों वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं। इसमें लापरवाही बरतने पर संबंधित खण्ड/ उप खण्ड शिक्षा अधिकारी पर कार्रवाई की जायेगी। इसके अलावा बिना अवकाश स्वीकृत के अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों, बायोमैट्रिक उपस्थिति न लगाने वाले कार्मिकों, शराब के नशे पाये जाने तथा छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश खण्ड एवं जिले के अधिकारियों को दे दिये गये हैं। विभागीय मंत्री ने कहा कि शासन ने किसी भी श्रेणी के शिक्षण संस्थानों के आस-पास 150 मीटर के दायरे में मंदिरा दुकान, पान-गुटका, सिगरेट, तम्बाकू आदि की बिक्री पर रोक लाने के दृष्टिगत सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई ताकि ऐसी दुकानों को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *