विभिन्न कौशल विकास उपकरण उपलब्ध कराए

देहरादून/ब्रह्मखाल (उत्तरकाशी)।  उत्तरकाशी जनपद के सुदूर पर्वतीय क्षेत्र ब्रह्मखाल में शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देते हुए श्री सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल की गई। संगठन की ओर से ब्रह्मखाल स्थित ज्ञानदीप विद्यालय को आधुनिक शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से कंप्यूटर, प्रिंटर, प्लंबिंग से संबंधित सामग्री सहित विभिन्न कौशल विकास उपकरण उपलब्ध कराए गए। इस सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।आयोजित किए गए इस कार्यक्रम के दौरान श्री सत्य साईं सेवा संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य बाल विकास के माध्यम से समाज को संस्कारवान, आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा बाल विकास, निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मानवीय मूल्य शिक्षा (एसएसईएचवी), चरित्र निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कैप्टन स्वरूप ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में संसाधनों की कमी के बावजूद यहां के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन और अवसर देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ज्ञानदीप विद्यालय को आवश्यकतानुसार शैक्षणिक, तकनीकी एवं कौशल विकास से संबंधित सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि विद्यार्थी नैतिक मूल्यों के साथ आत्मनिर्भर बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *