अतिक्रमण हटाओ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए बैठक हुई

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित अतिक्रमण हटाओ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा भू-कानून उल्लंघन के निस्तारित वादों के सापेक्ष भूमि पर वास्तविक कब्जा प्राप्त करने की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में चिन्हित अतिक्रमणों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए तथा नए चिन्हित मामलों में भी नियमानुसार नोटिस जारी कर प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी सभी संबंधित विभागों की है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान को गति देने, शीघ्र कार्रवाई योग्य मामलों को प्राथमिकता देने तथा सार्वजनिक स्थलों, सरकारी भूमि एवं सड़कों पर लगाए गए अवैध बोर्ड, होर्डिंग्स एवं अन्य अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए गए।उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हीकरण एवं हटाने की कार्रवाई समानांतर रूप से संचालित करने तथा एक क्षेत्र को मॉडल क्षेत्र के रूप में चयनित कर शत-प्रतिशत अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। साथ ही नदी, नालों एवं गदेरों के किनारे किए गए अतिक्रमणों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि भू-कानून उल्लंघन से संबंधित निस्तारित वादों में भूमि पर वास्तविक कब्जा प्राप्त कर राजस्व अभिलेखों के अनुरूप स्थिति बहाल की जाए। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, प्राप्त भूमि के सत्यापन एवं अद्यतन विवरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका संरक्षण एवं जनहित में उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *