पौड़ी के शुभम ने राष्ट्रमंडल खेल में जीता रजत
Oplus_131072
देहरादून। पौड़ी जिले के ग्राम खैरा ( खैरासैंण) सतपुली के शुभम जुयाल ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा में 13.28 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता है। प्रतियोगिता में भारत के ही सोमन राणा ने 13.40 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रमंडल खेल 2026 की शॉटपुट प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता शुभम जुयाल ने इससे पूर्व नई दिल्ली में मार्च 2026 में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स प्रतियोगिता में 14.45 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। जुयाल 51 इंजीनियर यूनिट, पुणे में लांस नायक के पद पर तैनात हैं। उनका सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनने का था। वे इसके लिए ‘आर्मी कैडेट कॉलेज’ की लिखित परीक्षा पास कर चुके थे। लेकिन 28 जुलाई 2022 को एसएसबी (SSB) इंटरव्यू पर जाने से ठीक एक हफ्ते पहले वह एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में डॉक्टरों को उनका एक पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा, जिसके कारण उनका अधिकारी बनने का सपना टूट गया। इसके बाद शुभम जून 2023 में पुणे के ‘आर्मी पैरालंपिक नोड’ गए। जहां उन्होंने कोच सूबेदार मेजर राकेश सिंह रावत की देखरेख में पुरुषों की F57 सीटेड शॉट पुट , गोला फेंक स्पर्धा में प्रशिक्षण लेना शुरू किया। शुभम जुयाल वर्तमान में हरिद्वार जिले के ढंडेरा रुड़की में रहते हैं।
