इंजीनियर गणेश चंद्रा ने पौड़ी के विकास को लेकर अपना विजन स्पष्ट किया। चन्द्रा ने कहा कि यदि उन्हें जनता की सेवा करने का अवसर मिलता है, तो उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता पौड़ी का चहुँमुखी विकास होगा। उन्होंने कहा कि पलायन को रोकना, युवाओं, महिलाओं के लिए स्वरोजगार, रोजगार के साधन उपलब्ध कराना बेहतर स्वास्थ्य सेवा उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
वरिष्ठ पत्रकार गणतंत्र राठौड़ से बातचीत करते हुए पौड़ी विधानसभा सीट से भाजपा के प्रबल दावेदार श्री चंद्रा ने कहा कि पहाड़ों का पानी और पहाड़ों की जवानी तभी पहाड़ के काम आ सकती है, जब यहाँ रोजगार और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। वर्तमान सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पलायन निवारण आयोग के प्रयासों और ‘सेवा व सुशासन’ की नीति के तहत गांवों को फिर से आबाद करने का काम किया जा रहा है। गणेश चंद्रा ने कहा कि वे पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए अत्याधुनिक मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करवाएंगे, ताकि स्थानीय निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। रोजगार के साधन, शिक्षा में सुधार से ही क्षेत्र में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि पौड़ी के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ पलायन रोकने के लिए ठोस योजनाएं धरातल पर लाई जाएंगी।  उन्होंने कहा कि युवाओं का कौशल विकास कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा ,  सड़कों की स्थिति में सुधार किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का जीवन सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि पौड़ी में स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों, पर्यटन और कृषि आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। श्री चंद्रा ने कहा कि गांवों में ही आजीविका के साधन विकसित कर ‘रिवर्स माइग्रेशन’ को बढ़ावा देने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने  पौड़ी की जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र का विकास केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर दिखेगा और पौड़ी के खोए वैभव को वापस लाने के लिए जनता के सहयोग से नीतियां बनाई जाएंगी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने क्षेत्र की तरक्की के लिए चन्द्रा को सहयोग देने का भरोसा जताया।