गुलदार के हमले में किशोर की मौत
चंपावत। मेला देखकर घर लौट रहे एक किशोर पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गुलदार के धमक से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गुलादार को पकड़ने की वन विभाग से मांग की है। जानकारी के अनुसार लोहाघाट सुई डूंगरी गांव निवासी हिमांशु (13) पुत्र गंगादत्त पुजारी मेला देखने रायकोट गया था। मेला देखकर वह करीब 6 बजकर 30 मिंट पर गर लौट रहा था। इसी दौरान घर से महज 30 मीटर की दूरी पर था, पहले से ही घात लगाकर बैठे गुलादार ने उस पर हमला कर दिया और जंगल की ओर ले गया। जब काफी देर तक हिमांशु घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने गांव के लोगों के साथ मिलकर उसकी खोजबीन शुरू की। रात करीब 9:30 पर उसका शव घर से करीब 30 मीटर नीचे खेतों में पड़ा मिला। ग्रामीण आनन-फानन में उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गुलदार गांव के आसपास लगातार दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना कई बार वन विभाग को दी गई और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने की मांग भी की गई थी, लेकिन वन विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। ।सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार तत्काल लोहाघाट अस्पताल पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद वे ग्रामीणों के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हुए। जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन विभाग को तत्काल पिंजड़े लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए।
