फेरबदल की आहट से खतरे में कई दिग्गज

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष के उत्तराखंड दौरे के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मंथन कर उनके दिल्ली लौटते ही आगामी विधानसभा चुनावों के लिए टिकट वितरण को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सियासी गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि दस साल की सत्ता विरोधी लहर को मात देने के लिए पार्टी नेतृत्व कई मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, लगातार दो कार्यकाल की एंटी-इंकंबेंसी के असर को कम करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के पास चेहरे बदलने के अलावा कोई  विकल्प नहीं है। जिन क्षेत्रों में विधायकों के प्रति स्थानीय नाराजगी की खबरें हैं, वहां के जनप्रतिनिधियों में टिकट कटने का डर गहरा गया है। साथ ही हाईकमान की सख्ती को देखते हुए कई विधानसभा सीटों पर टिकट के नए दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं, जिससे मौजूदा विधायकों की चुनौती दोहरी हो गई है।  वहीं जिन मौजूदा विधायकों का प्रदर्शन बेहद कमजोर पाया गया है उन्हें ‘रेड जोन’ की श्रेणी में रखा गया है। संगठन की बैठकों से निकले समीकरण के बाद  कई वर्तमान विधायक और टिकट के लिए परिक्रमा लगा रहे  पूर्व विधायकों की धड़कनें बढ़ गई हैं। आगामी  विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी इस बार टिकट वितरण को लेकर बड़ा बदलाव करने की रणनीति पर  काम कर रही है। स्थानीय स्तर पर मौजूदा जनप्रतिनिधियों के प्रति संभावित नाराजगी और सत्ता विरोधी लहर को शांत करने के लिए पार्टी इस बार कई सीटों पर नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारने पर गंभीरता से विचार कर रही है। कुछ माह पूर्व पार्टी ने राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर गोपनीय सर्वेक्षण और संगठनात्मक समीक्षा कराई थी। जिसमें  कई विधानसभा सीट में स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं के बीच मौजूदा विधायकों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी सामने आई थी। इसी वजह से कमजोर प्रदर्शन करने वाले और ‘रेड जोन’ में शामिल विधायकों के टिकट कटने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। साथ ही  पूर्व विधायकों के टिकट की डगर भी मुश्किल नजर आ रही है। वहीं इस सियासी उठापटक के बीच मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी, प्रेमचन्द्र अग्रवाल सहित भाजपा के कई अन्य विवादित विधायकों नेताओं के विवाद जिस तरह से सार्वजनिक होकर सड़कों तक पसरा रहा, उससे पार्टी नेतृत्व भी असहज महसूस कर रही है। विवाद से संगठन की छवि को हुए नुकसान को देखते हुए टिकट की आश पाले हुए विवादित नेताओं के टिकट पर भी खतरा मंडराता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल, संगठन की ओर से इन चर्चाओं पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *