ऊखीमठ का ‘जाम’ बना लोगों के लिए मुसीबत
ऊखीमठ। ऊखीमठ मुख्य बाजार में घन्टों जाम लगना आम बात हो गयी है। मुख्य बाजार में घन्टों जाम लगने का मुख्य कारण निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य वर्षों से कछुआ गति से होना, मुख्य बाजार में निजी वाहनों के बेतरतीब पार्किंग होना तथा मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था पर पुलिस की लापरवाही मानी जा रही है। आने वाले समय में यदि मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन प्रयास नहीं करती है तो समस्या और गम्भीर हो सकती है। ऊखीमठ मुख्य बाजार से लेकर भारत सेवा आश्रम तक घन्टों जाम लगना आम बात बन चुका है। मुख्य बाजार में घन्टों जाम लगने से पैदल चलने वाले राहगीरों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मुख्य बाजार में घन्टों जाम लगने का मुख्य कारण वर्षों से निर्माणाधीन पार्किंग का निर्माण कार्य कछुआ गति से होना, सब्जी सप्लाई करने वाले बड़े ट्रकों का आवागमन, मुख्य बाजार में सड़क किनारे बेवजह पार्किंग हुए निजी वाहन तथा पुलिस प्रशासन का यातायात व्यवस्था पर गम्भीर न होना माना जा रहा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा का कहना है कि ऊखीमठ मुख्य बाजार में जाम की समस्या के निराकरण के लिए जिलाधिकारी से वार्ता हुई थी। उनके निर्देश पर लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन व नगर पंचायत द्वारा निर्माणाधीन पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट जिला प्रशासन क सौंप दी गयी। निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य पूरा होने पर जाम की समस्या से निजात मिल सकती है। थानाध्यक्ष मुकेश थलेडी का कहना है कि पार्किंग का निर्माण कार्य वर्षों से कछुआ गति से होने के कारण मुख्य बाजार में जाम की समस्या बनी हुई है। विगत दिनों टैक्सी यूनियन व व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्य बाजार में बेवजह पार्किंग वाहनों को अन्यत्र पार्किंग करने को कहा गया था ।
- ऊखीमठ सर वरिष्ठ पत्रकार, लक्ष्मण सिंह नेगी।
